कांगड़ा। ग्राम पंचायत हलेडकंला के प्रधान अरुण चौधरी के साथ मारपीट करने के मामले में कांगड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ब्रजेश कुमार उर्फ मामू, निवासी डूंगा बाजार, कांगड़ा के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत हलेडकंला के प्रधान अरुण चौधरी की मौजूदगी में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही थी। इन व्यक्तियों के पास चिट्टा अथवा अन्य संदिग्ध वस्तु होने का संदेह जताया गया था और उनकी गतिविधियां भी संदिग्ध पाई गई थीं। इसी दौरान ब्रजेश कुमार उर्फ मामू मौके पर पहुंचा और पंचायत प्रधान के साथ कथित तौर पर मारपीट करने के बाद वहां से फरार हो गया।मामले को लेकर FIR नंबर 122/26, दिनांक 08 अगस्त 2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 132, 121(1), 352, 351(2) और 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया है।कांगड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ब्रजेश कुमार उर्फ मामू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में भी चिट्टा तस्करी से संबंधित मामलों में संलिप्त रहा है और वर्तमान में जमानत पर था।कांगड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों और पंचायत प्रतिनिधियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नशे के कारोबार और चिट्टा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
