श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश
श्री चिंतपूर्णी (ऊना), 17 अगस्त। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने सोमवार को माई दास सदन में माता श्री चिंतपूर्णी में चल रहे श्रावण अष्टमी मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू दर्शन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।समीक्षा बैठक के बाद उपायुक्त ने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और गेट नंबर-1 व गेट नंबर-2 पर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दोनों गेटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा निर्धारित कतार व्यवस्था के माध्यम से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन करवाने के निर्देश दिए।जतिन लाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मेला क्षेत्र में यातायात और पार्किंग व्यवस्था को भी प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। बड़े वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करवाने को कहा, ताकि मुख्य मार्गों और पैदल रास्तों पर अनावश्यक भीड़ न हो।उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में पेयजल, सफाई, यातायात सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि श्रावण अष्टमी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता श्री चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में जिला प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध करवाया जाए।बैठक में एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, एएसपी ऊना अजय राणा, डीएसपी अंब अनिल पटियाल, मंदिर अधिकारी माता श्री चिंतपूर्णी संजीव प्रभाकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

