
शिमला, 03 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज मालरोड, शिमला स्थित ‘सहकार सदन’ के नवीनीकरण कार्य का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। इस परियोजना पर 2.85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि नवीनीकरण के बाद बहुमंजिला सहकार सदन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। परियोजना के तहत भवन की प्रत्येक मंजिल को बेहतर और व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जाएगा, जिससे पुराने भवन को नया स्वरूप और आधुनिक कार्य वातावरण मिलेगा। नवीनीकरण कार्य को 15 जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक प्रदेश का अग्रणी सहकारी बैंक है और आधुनिक व भरोसेमंद बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। बैंक की पुरानी शाखाओं और भवनों का भी चरणबद्ध तरीके से आधुनिकीकरण किया जा रहा है।परियोजना के तहत मेजनाइन फ्लोर पर आधुनिक वर्कस्टेशन और केबिन पार्टीशन तैयार किए जाएंगे। ग्राउंड फ्लोर पर नया रिसेप्शन, वर्कस्टेशन और एडवांस स्क्रीनिंग एरिया बनाया जाएगा। वहीं बेसमेंट-1 में कॉन्फ्रेंस हॉल और वर्कस्टेशन, बेसमेंट-2 में बच्चों के लिए समर्पित क्रैच क्षेत्र तथा बेसमेंट-3 में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के साथ व्यवस्थित स्टोरेज एलिवेशन विकसित किया जाएगा।इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक संजय अवस्थी एवं राम कुमार, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देविन्द्र श्याम, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवन्त छाजटा, बैंक निदेशक संजय शर्मा, हरी कृष्ण हिमराल, प्रबन्ध निदेशक विनय सिंह तथा महाप्रबन्धक जीत राम भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
