नरेश ठाकुर बोले: नशा मुक्ति केंद्रों के लिए जल्द जारी होंगे विस्तृत दिशा-निर्देश
हमीरपुर, 28 जुलाई 2026।राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने मंगलवार को हमीरपुर जिले में संचालित विभिन्न नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ एडीसी अभिषेक गर्ग, एसडीएम संजीत सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री, डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मनोचिकित्सा विभाग के डॉ. कमल प्रकाश, राज्य कर एवं आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त नितिन कपूर, डीएसपी नितिन चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान नरेश ठाकुर ने दोसड़का स्थित गोल्डन एज पुनर्वास केंद्र का दौरा किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ भवन में अग्निशमन व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके बाद उन्होंने बड़ू के समीप घनाल में स्थापित किए जा रहे नए नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र का संचालन शुरू करने से पहले सभी आवश्यक सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत ढांचा पूरी तरह तैयार होना चाहिए।इस अवसर पर नरेश ठाकुर ने कहा कि नशा मुक्ति, उपचार एवं पुनर्वास केंद्रों के प्रभावी संचालन को लेकर जल्द ही राज्य नशा निवारण बोर्ड की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में व्यापक चर्चा के बाद सभी केंद्रों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, जिनमें उपचार संबंधी सुविधाओं के साथ-साथ भवनों के सुरक्षा मानकों को भी शामिल किया जाएगा।उन्होंने बताया कि जिले के अन्य नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों का भी शीघ्र निरीक्षण किया जाएगा, ताकि सभी केंद्रों में बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण पुनर्वास सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।

