विधायक कैप्टन रणजीत सिंह बोले—वीरों के सर्वोच्च बलिदान की गाथाएं सदैव रहेंगी अमर
सुजानपुर, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत झनियारा में रविवार को श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के भाव के साथ एक भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने कारगिल युद्ध सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शहीद परिवारों को सम्मानित किया।अपने संबोधन में विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल सैन्य जीत का प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति का अमिट प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश के वीर जवानों ने सीमाओं की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च आदर्श स्थापित किया है। उनके बलिदान की गाथाएं सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेंगी।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहीदों के परिवारों, भूतपूर्व सैनिकों और सेवारत सैनिकों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा उनके सम्मान और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध में शहीद हुए सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के वीर सपूत हवलदार कश्मीर सिंह, हवलदार राजकुमार, सिपाही दिनेश कुमार और सिपाही राकेश कुमार के परिजनों को सम्मानित किया गया। विधायक ने कहा कि राष्ट्र इन वीर परिवारों के त्याग और समर्पण का सदैव ऋणी रहेगा।इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक, सेवारत सैनिकों के परिजन, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
