धर्मपुर विधायक चंद्रशेखर रहे मुख्य अतिथि, मेडिटेशन और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
हमीरपुर, 25 जुलाई। हार्टफुलनेस मेडिटेशन ऑर्गेनाइज़ेशन द्वारा गांव टिक्कर स्थित कटोच बैंक्वेट पैलेस में आध्यात्मिक गुरु चारीजी महाराज की 99वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन बी.एस. चंदेल और कौशल्या चंदेल के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर मुख्य अतिथि तथा बड़सर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुभाष चंद ढटवालिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।अपने संबोधन में विधायक चंद्रशेखर ने पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिकीय संतुलन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ रही प्राकृतिक आपदाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रकृति के लिए संतुलन आवश्यक है, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक जीवन में भी संतुलन जरूरी है, जिसे मेडिटेशन और नैतिक जीवनशैली अपनाकर प्राप्त किया जा सकता है।विशिष्ट अतिथि सुभाष चंद ढटवालिया ने हार्टफुलनेस मेडिटेशन ऑर्गेनाइज़ेशन की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि आज के तनावपूर्ण दौर में ऐसी आध्यात्मिक पहल समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने मेडिटेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित ध्यान से भावनात्मक संतुलन, मानसिक स्पष्टता और आत्म-अनुशासन विकसित होता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को मेडिटेशन अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने में मदद मिलती है।इस दौरान प्रतिभागियों के लिए विशेष मेडिटेशन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. निष्ठा हुड्डा ने इंसानी शरीर के इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड को संतुलित करने के लिए पोलैरिटी सेशन का संचालन किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अमरजीत सिंह ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, वॉलंटियर्स और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी के रूप में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर आर.के. मैकस्यूडन और तारा मैकस्यूडन भी उपस्थित रहे।
