मंडी, 24 जुलाई। विद्युत उपमंडल साइगलू के सहायक अभियंता विनीत ठाकुर ने आज यहां बताया कि 24 जुलाई, 2026 से विद्युत उपमंडल, साईगलू में अधिकृत कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर उपभोक्ता सर्वे एवं स्मार्ट मीटर स्थापना कार्य प्रारंभ किया गया है।उन्होंने बताया कि भारत सरकार की वितरण क्षेत्र की नई योजना (Revamped Distribution Sector Scheme) के अंतर्गत प्रदेश में पारंपरिक विद्युत मीटरों को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट मीटर से प्रतिस्थापित किया जा रहा है। इस कार्य के लिए उपभोक्ताओं पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं है तथा यह प्रक्रिया अधिकृत एजेंसी मै. अप्रावा हमीरपुर स्मार्ट मीटर प्रा. लि. के माध्यम से संपादित की जा रही है।उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (मीटरों की स्थापना एवं संचालन) संशोधन विनियम, 2026 के अनुसार जहां संचार नेटवर्क उपलब्ध है, वहां स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य है। विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 163 के अंतर्गत लाइसेंसी या उसका अधिकृत प्रतिनिधि मीटर की जांच, मरम्मत अथवा प्रतिस्थापन के लिए उस परिसर में प्रवेश करने के लिए अधिकृत है, जहां राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड का मीटर स्थापित है।उन्होंने बताया कि सटीक आंकड़े एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए घर-घर जाकर यह उपभोक्ता सर्वे एवं स्मार्ट मीटर स्थापना कार्य प्रारंभ किया गया है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे सर्वे एवं स्मार्ट मीटर स्थापना में पूर्ण सहयोग प्रदान करें। पूर्व सूचना प्रदान करने के उपरांत भी सहयोग न करने की स्थिति में 24 घंटे की नोटिस अवधि पूर्ण होने पर बिना किसी अतिरिक्त सूचना के विद्युत आपूर्ति विच्छेदित कर दी जाएगी। साथ ही विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 163 (1) एवं 163 (2) के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्यवाही भी की जाएगी।
