राहत शिविर का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य शिविर में 150 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, शाहपुर के अंतिम गांव लाम में भी लिया नुकसान का जायजा
शाहपुर, 24 जुलाई। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने लगातार दूसरे दिन बोह क्षेत्र का दौरा कर आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने राहत शिविर में रह रहे लोगों का हालचाल जाना और अपनी ओर से राहत सामग्री वितरित कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।विधायक ने प्रभावित परिवारों को 10 क्विंटल आटा-चावल, दालें, 80 महिला सूट, महिलाओं के घरेलू उपयोग का सामान, 25 शालें, 100 पैंट-कमीज सहित अन्य आवश्यक दैनिक उपयोग की सामग्री प्रदान की। इस दौरान एटीसी शाहपुर की प्रभारी एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ. सुनंदा पठानिया भी मौजूद रहीं। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोह में बनाए गए राहत शिविर में रह रहे परिवारों से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना और कहा कि पुनर्वास तक हरसंभव सहायता जारी रहेगी।केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्यों में जुटे हैं तथा किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।विधायक के निर्देश पर राहत शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें पांच चिकित्सकों की टीम ने लगभग 150 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सभी जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। वहीं, मनोवैज्ञानिक चिकित्सक डॉ. अनीता ने लोगों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया।इसके बाद विधायक केवल सिंह पठानिया शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतिम गांव लाम, जो कांगड़ा और चंबा की सीमा पर स्थित है, पहुंचे। उन्होंने वहां भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने बोह राहत शिविर में राशन व्यवस्था का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।इस अवसर पर रोटरी क्लब शाहपुर के सदस्यों ने भी राहत सामग्री भेंट की। कार्यक्रम में एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय समयाल, सहायक निदेशक मत्स्य डॉ. राकेश, सहायक अभियंता लोक निर्माण नीरज गर्ग, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीना ठाकुर, रीतिका शर्मा, उपप्रधान सुरेश, पूर्व प्रधान पप्पू, शशि शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

