दुर्गेश अरण्य अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान में विकसित होगा आधुनिक थीमैटिक गार्डन, जैव विविधता संरक्षण और ईको-टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
देहरा (कांगड़ा):मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वीरवार सायं कांगड़ा जिले के देहरा स्थित दुर्गेश अरण्य अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान में विकसित की जाने वाली महत्वाकांक्षी थीमैटिक गार्डन परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने परियोजना के कार्यान्वयन के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड (एचपीएसबीबी) के माध्यम से मुख्य वन्यजीव संरक्षक, हिमाचल प्रदेश को 4 करोड़ रुपये की राशि जारी की।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना हिमाचल प्रदेश की समृद्ध जैव विविधता के संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और ईको-टूरिज्म को नई दिशा देगी। लगभग 22,247 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित होने वाला यह थीमैटिक गार्डन आगंतुकों को प्रदेश की विविध वनस्पतियों और प्राकृतिक धरोहर से रूबरू कराएगा।उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत फिकेरियम में फाइकस की विभिन्न प्रजातियों का प्रदर्शन किया जाएगा, जबकि आर्बोरेटम में देशी और विदेशी वृक्षों का संग्रह विकसित किया जाएगा। इसके अलावा वॉच टावर का निर्माण किया जाएगा, जहां से पर्यटक आसपास के प्राकृतिक दृश्यों का आनंद ले सकेंगे। बैंबूसेटम में विभिन्न बांस प्रजातियों का प्रदर्शन कर उनकी पारिस्थितिकीय, आर्थिक उपयोगिता और सतत विकास में भूमिका को प्रदर्शित किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना संरक्षण जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, अनुभवात्मक शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। साथ ही विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों को हिमाचल की समृद्ध जैव विविधता को समझने का उत्कृष्ट अवसर मिलेगा।उन्होंने हिमाचल प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड और वन विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि परियोजना पूर्ण होने के बाद यह देश में जैव विविधता संरक्षण और ईको-टूरिज्म का एक आदर्श केंद्र बनकर उभरेगी।इस अवसर पर पर्यावरण, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के सचिव सुशील कुमार सिंगला, प्रधान मुख्य अरण्यपाल संजय सूद, विभाग के निदेशक एवं हिमाचल प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड के सदस्य सचिव पुष्पेंद्र राणा, संयुक्त सदस्य सचिव डॉ. सुरेश सी. अत्री सहित वन विभाग और जैव विविधता बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
