शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बोह क्षेत्र में गत दिवस हुई भारी वर्षा से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा बुधवार को बोह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 160 प्रभावित लोगों के ठहरने की व्यवस्था राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बोह में की है। राहत शिविर में सभी प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी परिवार को इस कठिन समय में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।उन्होंने बताया कि पूरे मानसून सीजन के दौरान जिला प्रशासन का 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किए जा सकें।उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने लोगों से भी अपील की कि लगातार हो रही बारिश के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत प्रशासन के कंट्रोल रूम को दें।

